रुड़की
रुड़की के प्रतिष्ठित आनंद स्वरूप आर्य सरस्वती विद्या मंदिर में यातायात पुलिस की ओर से यातायात जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी निरीक्षक यातायात राजेंद्र नाथ, एसआई मुकेश कुमार, एसआई मनोज शर्मा और प्रधानाचार्य अमरदीप सिंह ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम के दौरान यातायात पुलिस अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की महत्वपूर्ण जानकारी दी। ऑडियो-वीडियो के माध्यम से ट्रैफिक साइन, ट्रैफिक सिग्नल और निर्धारित यातायात नियमों के बारे में समझाया गया। छात्रों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट, वाहन में रिफ्लेक्टर और सीट बेल्ट के इस्तेमाल के लिए जागरूक किया गया। प्रभारी निरीक्षक यातायात राजेंद्र नाथ ने कहा कि दोपहिया वाहन पर ट्रिपल राइडिंग, ओवर स्पीड और गलत तरीके से ओवरटेक करने से बचना चाहिए। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल बिल्कुल नहीं करना चाहिए। 
उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं पर काफी हद तक अंकुश लगाया जा सकता है। एसआई मुकेश कुमार और एसआई मनोज शर्मा ने भी छात्रों से निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और हेलमेट व सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की। प्रधानाचार्य अमरदीप सिंह ने कहा कि युवा शक्ति के माध्यम से सड़क सुरक्षा और राष्ट्रहित के कार्यों में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों ने यातायात नियमों का शत-प्रतिशत पालन करने का संकल्प लिया। इस दौरान उपप्रधानाचार्य मोहन सिंह मटियानी, भवन प्रभारी जसवीर पुंडीर सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और कर्मचारी मौजूद रहे।
