रुड़की
आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर रुड़की विधानसभा सीट पर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। करीब दो दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय वरिष्ठ पत्रकार दीपक शर्मा ने अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत करते हुए जन निर्माण पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है।दीपक शर्मा ने पहले प्रेस क्लब भवन में पत्रकार साथियों के साथ बैठक की। बैठक के बाद पत्रकारों के साथ पैदल रोड शो करते हुए वह जन निर्माण पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया शर्मा के कैंप कार्यालय पहुंचे। यहां सोनिया शर्मा ने उनका स्वागत करते हुए पार्टी की सदस्यता दिलाई।इस दौरान विधानसभा चुनाव में दीपक शर्मा को पार्टी का टिकट दिए जाने को लेकर सोनिया शर्मा ने सकारात्मक संकेत दिए। उन्होंने कहा कि दीपक शर्मा लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं और रुड़की शहर की समस्याओं से भली-भांति परिचित हैं। पार्टी ऐसे युवाओं को आगे बढ़ाने का काम करेगी, जो जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाना चाहते हैं।वहीं, पत्रकार साथियों की बैठक में मौजूद पत्रकारों ने दीपक शर्मा को समर्थन देते हुए चुनाव में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इसके बाद पैदल रोड शो के रूप में पार्टी कार्यालय पहुंचने पर उनका स्वागत किया गया।दीपक शर्मा ने कहा कि पत्रकार साथियों के सुझाव और आग्रह पर उन्होंने वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि वर्षों से जनप्रतिनिधियों की ओर से जनता की समस्याओं के समाधान के बजाय केवल आश्वासन दिए जाते रहे हैं। रुड़की शहर में आज भी कई मूलभूत समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।उन्होंने कहा कि जनता अब खोखले वादों से प्रभावित होने वाली नहीं है। दीपक शर्मा ने दावा किया कि उन्हें सर्वसमाज का समर्थन मिल रहा है और वह 2027 के विधानसभा चुनाव में मजबूती के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर की मूलभूत समस्याओं को लेकर जनता के बीच जाकर संवाद किया जाएगा और चुनावी तैयारियां व्यापक स्तर पर शुरू कर दी गई हैं।इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार एनए पुंडीर, अनिल पुंडीर, बिजेंद्र सिंह, महेश मिश्रा, महेश्वर सिंह, रियाज कुरैशी, सुभाष सक्सेना, अनिल सैनी, जुबैर काजमी, सनत शर्मा, परवेज आलम, मनोज जुयाल, सुनील पटेल, अश्वनी उपाध्याय, योगराज पाल, अमर मौर्य, मोहम्मद नाजिम, मनीष ग्रोवर, दीपक अरोड़ा, विनीत त्यागी, मुकेश पांडेय, सलमान मलिक, अमजद भारती, अंकित सोंधी, रजनीश सहगल, सीमा कश्यप और राहुल सक्सेना सहित अनेक पत्रकार मौजूद रहे।
