जिला सहकारी बैंक की नई टीम का भव्य स्वागत, किसानों के हित को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता
हरिद्वार। मंगलौर रोड स्थित एक होटल में जिला सहकारी बैंक लिमिटेड हरिद्वार की नव-निर्वाचित प्रबंध समिति के सम्मान में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता स्वामी यतीश्वरानंद, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा समेत विभिन्न दायित्वधारी, जनप्रतिनिधि, सहकारी समितियों के पदाधिकारी और जनपद के वरिष्ठ लोग मौजूद रहे।
समारोह में नव-निर्वाचित अध्यक्ष बिजेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष सुशील राठी और संचालक मंडल के सदस्यों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। वक्ताओं ने नई प्रबंध समिति से बैंक को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनहितकारी तरीके से संचालित करने की अपेक्षा जताई।
मुख्य अतिथि स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि जनता ने विश्वास के साथ नई प्रबंध समिति को जिम्मेदारी सौंपी है। अब इस विश्वास पर खरा उतरना समिति के पदाधिकारियों और संचालकों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सहकारिता क्षेत्र सीधे किसानों, ग्रामीणों और आमजन से जुड़ा है, इसलिए बैंक प्रबंधन को पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा।
उन्होंने किसानों को बैंकिंग सुविधाओं का बेहतर लाभ दिलाने पर जोर देते हुए कहा कि जिला सहकारी बैंक के विकास के साथ किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिए। समय पर ऋण एवं अन्य बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में नई समिति को गंभीरता से काम करना होगा।
कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने भी नव-निर्वाचित समिति को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नई टीम पूरे मनोयोग और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेगी। उन्होंने सहकारिता क्षेत्र और बैंक के विकास के लिए आवश्यक सहयोग का भरोसा दिलाया।
समारोह में नव-निर्वाचित संचालक भारती देवी, लता देवी, आंचल सिंघल, ओमप्रकाश, उत्तम सिंह, सपना शर्मा, बबली देवी, देवेंद्र कुमार, नवनीत सिंह, मो. इस्लाम, राजबीर सिंह और पुष्पराज सैनी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री श्यामवीर सैनी, जयपाल चौहान, शोभाराम प्रजापति, आदेश सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, कुलवीर चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष हरिद्वार आशुतोष शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष रुड़की डॉ. मधु सिंह, दुग्ध संघ अध्यक्ष प्रमोद चौधरी समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सहकारी समितियों के पदाधिकारी और गणमान्य लोग शामिल हुए।
समारोह की अध्यक्षता कुलवीर सिंह ने की, जबकि संचालन बैंक के उपाध्यक्ष सुशील राठी ने किया। उपस्थित लोगों ने नई प्रबंध समिति को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि नई टीम बैंक की कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाएगी तथा किसानों और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर सहकारी बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
