रुड़की
कन्हैया लाल पॉलीटेक्निक में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में रुड़की ब्लड बैंक की ओर से रक्तदान दिवस के अवसर पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ समाजसेवी पूजा गुप्ता और संस्था के प्राचार्य मेजर फणींद्र मिश्रा ने संयुक्त रूप से किया।इस अवसर पर प्राचार्य मेजर फणींद्र मिश्रा ने छात्र-छात्राओं को रक्तदान के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने का माध्यम है। समाजसेवी पूजा गुप्ता ने रक्त की महत्ता बताते हुए कहा कि रक्तदान केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि मानवता की सेवा है। उन्होंने बताया कि रक्तदान से थैलेसीमिया जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों को भी मदद मिलती है।कार्यक्रम अधिकारी मनोज सैनी और कुलदीप त्यागी ने रक्तदान के प्रति जागरूक करते हुए कहा, मौका मिला है रक्तदान का, इसे खाली न जाने दो, एक बूंद से ही सही, किसी की सांसें चलने दो।
शिविर में कुल 80 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। संस्था के स्टाफ सदस्यों जितेंद्र सैनी, मनोज सैनी और विशाल सैनी ने भी रक्तदान किया। कार्यक्रम में चंद्रशेखर पालीवाल, रमन पाल, विपिन जैन, विशाल, सतीश, कुणाल, ऋतिक और कविता सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।रुड़की ब्लड बैंक के निदेशक अखिल सैनी और उनकी टीम ने रक्त संग्रह में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। कार्यक्रम के अंत में संस्था के प्राचार्य की ओर से कार्यक्रम की कवरेज के लिए पहुंचे सभी मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया गया।
