रुड़की।
पनियाला चंदापुर में हुए गोलीकांड के मामले में गंगनहर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास के मुकदमे में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। बरामदगी के बाद आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ाई गई है।पुलिस के मुताबिक, 30 सितंबर को पनियाला चंदापुर निवासी विशाल ने गंगनहर कोतवाली में तहरीर देकर अज्ञात आरोपियों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने का आरोप लगाया था। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर घटना के खुलासे के लिए टीमों का गठन किया।
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर साहिब पुत्र दिलदारा निवासी पनियाला चंदापुर को एक अक्टूबर को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद हुआ।पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि 28 सितंबर को मेले के दौरान विशाल और उसके भाइयों के बीच हाथापाई हुई थी। इसी विवाद को लेकर बाद में सड़क पर विशाल की गाड़ी धीमी होने पर उसने तमंचे से फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गया।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और घटना में जो भी व्यक्ति संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 भी बढ़ाई गई है। पुलिस ने बताया कि कार्रवाई ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई है।
